पीडीडीयू नगर। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में मौसम का मिजाज बदला है। बृहस्पतिवार की भोर में हुई बारिश से जहां ठंड बढ़ी है वहीं किसान चिंतित हो गए हैं। बारिश के बाद नगर की सड़कों पर जलभराव व कीचड़ की स्थिति बन जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। मौसम विभाग की मानें तो आगामी शनिवार तक बारिश की संभावना बनी हुई है।
जनपद में शहर से लेकर देहात तक कहीं तेज वर्षा हुई तो कहीं फुहारें पड़ीं। बादल छाए रहने से सुबह अंधेरा होने से वाहन चालकों को गाड़ी की लाइट जलाकर चलना पड़ा। अचानक मौसम का मिजाज ही बदल जाने व बारिश होने से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। अचानक हुए मौसम के इस बदलाव के कारण वायरल बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
बृहस्पतिवार की भोर में जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे, उसी दौरान बारिश शुरू हो गई। इसके बाद सुबह के सात बजे तक कहीं तेज तो कहीं धीमी बारिश होती रही। बारिश के कारण नगर के नई निचले इलाकों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। सबसे ज्यादा परेशानी सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ी। नगर के चंदासी, बिछड़ी, आदर्श नगर, मुगलचक, काली महाल, चतुर्भुजपुर, गिधौली सहित कुछ अन्य वार्डों में सड़कों पर पानी लगा रहा। राज्य कृषि व मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश हो रही है। इससे तापमान गिरेगा और कोहरा भी बढ़ेगा। अगले तीन दिनों में कोहरा बढ़ने का भी पूर्वानुमान है।