नौगढ़ । नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री रहे पंडित कमलापति त्रिपाठी से लेकर मुलायम सिंह यादव और मायावती दौरा कर चुकी हैं। तब से अब तक वहां विकास के काम हुए मगर रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसभा और वनवासी-आदिवासी बच्चों के साथ भोजन कर वह जंगल के वाशिंदों का दिल जीत गए। इतना ही नहीं उन्होंने वहां के लोगों को अपनेपन और उनके बीच का होने का अहसास कराते हुए कहा कि पहला वनवासी कल्याण आश्रम गोरखपुर में खुला है। यहां से निकले बच्चे एक भारत-श्रेष्ठ भारत का मिशन लेकर सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत होते हैैं।
कभी नक्सलवाद का गढ़ माना जाने वाला नौगढ़ का यह क्षेत्र तकरीबन 1995 से 2004 तक नक्सल से काफी प्रभावित रहा। 20 नवंबर 2004 को हिनौतघाट कांड हुए जिसमें नक्सलियों ने बारूदी सुरंग बिछाकर पीएसी के जवानों को मौत के घाट उतार दिया था। तब से वहां शांति के प्रयास हुए स्थितियां बदली, लोगों के जीवन में सुधार हुआ लेकिन अब भी मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहे लोगों के बीच जाकर सीएम ने उन्हें आशा की किरण दिखाई है। सीएम ने कहा कि 25 साल पहले उनके गुरु महंत अवैद्यनाथ सोनभद्र के घोरावल स्थित वनवासी आश्रम जाकर उनके उत्थान के लिए प्रयास किए। बलरामपुर में थारू जाति के वनवासियों-आदिवासियों के लिए कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उनके इन सब बातों को सुनने के बाद वहां आई दूर दराज की महिलाएं और पुरुष उन्हें अपने रहनुमा के रुप में देख रहे हैं।
सीएम की सभा में आई झुमरिया गांव की लीलावती ने बताया कि गांव में आवास, शौचालय आवंटन में काफी अनदेखी हुई है। वनक्षेत्र में आने के बाद सीएम को यहां के लोगों से लगाव बढ़ गया है। मझगाई की मलहनी देवी ने बताया कि आज तक जमीनी स्तर पर योजनाओं का किसी जनप्रतिनिधि ने मूल्यांकन नहीं किया। लेकिन सीएम ने कार से घूमकर यहां के लोगों की परेशानी को समझा है। झुमरिया की मलहनी देवी ने बताया कि सरकारी योजनाओं का संचालन करने में काफी अनियमितता हुई है। सीएम के लगाव से उनसे जुड़ाव हुआ है। उम्मीद है कि अब यहां विकास का पहिया तेजी दौड़ेगा। शाहपुर की किसमत्ती देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र का विकास करने का वायदा किया है। अब उनसे काफी उम्मीद जगी है।
ीएम के सभा में जाते दो घायल
चकिया। नौगढ़ क्षेत्र के देवखत में महर्षि वाल्मिकी सेवा संस्थान द्वारा रविवार को आयोजित रजत जयंती कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सुनने के लिए लागों को लेकर जाते हुए एक ट्रैक्टर ट्राली रास्ते में पलट गई। इसमें चकरघट्टा थाना क्षेत्र के गंगापुर निवासी जसवंत (22), बजरिया निवासी राहुल(17) घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।