नौगढ़। क्षेत्र के देवखत गांव स्थित महर्षि बाल्मीकि संस्थान में बृहस्पतिवार से चार दिवसीय बसंत मेले का आयोजन होने जा रहा है। इसका उद्घाटन सोनभद्र सांसद पकौड़ीलाल कोल करेंगे। संस्थान के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती महोत्सव मनाया जा रहा है। संस्था के मंत्री अवध बिहारी मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम के अंतिम दिन दो फरवरी को सीएम योगी आदित्यनाथ महर्षि बाल्मीकि की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 30 जनवरी को सुबह नौ बजे कलश यात्रा निकालने व जलाभिषेक करने के साथ होगा। अपराह्न तीन बजे से लोक गीत व भजन प्रतियोगिता होगी। दूसरे दिन 31 जनवरी, शुक्रवार को कुश्ती दंगल प्रतियोगिता व तीसरे दिन एक फरवरी, शनिवार को पुरातन छात्र व युवा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। एक फरवरी को अखिल भारतीय विश्व हिंदू परिषद के सेवा प्रमुख आनंद प्रकाश हरबोला मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम के अंतिम चौथे दिन दो फरवरी को मुख्यमंत्री संस्थान परिसर में महर्षि बाल्मीकि की प्रतिमा का अनावरण व स्मारिका का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष चंपत राय, बीएचयू के प्रोफेसर व पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. कमलाकर त्रिपाठी भी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर बुधवार को ंकार्यक्रम स्थल पर हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए हेलीपैड निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। पीडब्ल्यूडी विभाग के इंजीनियरों ने ईटों से निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। इसके साथ ही बैरीकेडिंग बनाने के लिए झाड़ियों की कटाई के साथ 375 मीटर की नई सड़क पर गिट्टी बिछाने का कार्य चल रहा है।