पीडीडीयू नगर। चंदौली जिले के ग्रामीण इलाकों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। शहर में जहां नगरपालिका प्रशासन दिन में दो बार सफाई करवाता है, वहीं गांवों में दो-दो महीने तक कूड़ा पड़ा रहता है। ग्राम पंचायतों के जिम्मेदारों की लापरवाही और सफाईकर्मियों की कमी से हालत यह है कि कई गांवों में गलियां, नालियां और सार्वजनिक स्थान कूड़े के पहाड़ में तब्दील हो चुके हैं। दुर्गंध, मच्छरों के प्रकोप और मौसमी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है, बावजूद विभागीय अधिकारी सिर्फ औपचारिक बयान देकर खानापूर्ति कर रहे हैं।
इलिया। शहाबगंज ब्लॉक की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत इलिया सफाई नहीं हो रही है। 10 हजार से अधिक की आबादी वाले गांव में सिर्फ एक सफाईकर्मी है। ग्रामीणों ने बताया कि वह भी चार महीने से नदारद है। मुख्य चौमुहानी, संत कबीर विद्यालय मार्ग, मंगल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मार्ग, सामुदायिक शौचालय और गलियां कूड़े के ढेरों से पट गई हैं। गांव के रमेश गुप्ता, संतोष केसरी, राधाकृष्ण जायसवाल, रत्नेश चौहान और सुरेश कुमार बताते हैं कि इतने बड़े गांव में एक कर्मचारी से सफाई कराना असंभव है, कम से कम पांच सफाईकर्मियों की जरूरत है।
चहनिया। चहनिया और खंडवारी कस्बे में चार सफाईकर्मी तैनात हैं, मगर छह महीने से कोई नियमित ड्यूटी पर नहीं आता। बाजार, दुकानों और घरों के सामने कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। हवा चलते ही कूड़ा सड़क पर फैल जाता है। बीडीओ राजेश नायक ने कहा कि साफ सफाई के निर्देश दिए गए हैं, अगर लापरवाही मिली तो कार्रवाई होगी।
कूड़े के पहाड़ में आग लगाने से जल गया था 400 केवीए का ट्रांसफॉर्मर
धानापुर। कस्बे में यूनियन बैंक के सामने लगे 400 केवीए के ट्रांसफॉर्मर के पास वर्षों से कूड़ा डाला जा रहा है। इसी कूड़े में लगी आग से पिछले दिनों ट्रांसफॉर्मर जल गया, इससे बिजली निगम को लाखों का नुकसान हुआ। बावजूद कूड़ा वहीं फेंका जा रहा है। इस पर विद्युत निगम ने खुद जिम्मेदार अधिकारियों को आदेश दिया, लेकिन इसके बाद भी कूड़ा नहीं उठा है।
सड़क किनारे कूड़े का पहाड़, दुर्गंध से लोग त्रस्त
धीना। ब्लॉक के बघरी गांव में कमालपुर-जमानिया मार्ग किनारे महीनों से कूड़े का ढेर लगा है। दुर्गंध से राहगीरों का राह गुजरना मुश्किल है। गांव के अजीत सिंह, शरीफ और गुड्डू सिंह ने बताया कि कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
चांदपुर में तीन सफाईकर्मी, फिर गंदगी का आलम
सकलडीहा। सकलडीहा के तारापुर, चांदपुर और रुप्पीपुर गांवों में सफाईकर्मी तैनात हैं, लेकिन गांव की नालियां जाम हैं, सड़कें कूड़े से पटी हुई हैं। गंदगी से लोग परेशान हैं। चांदपुर में तीन सफाईकर्मी होने के बावजूद सफाई नहीं हो रही है, हर तरफ गंदगी का आलम है।
नाली का पानी सड़कों पर, शिवमंदिर के पास कूड़े का ढेर
कंदवा। ब्लॉक के कंजेहरा गांव में नाली का पानी सड़क पर बह रहा है। पास के रामपुर गांव में शिव मंदिर के पास कूड़े का अंबार लगा हुआ, दुर्गंध से लोगों का राह चलना मुश्किल हो गया है। गांव के गुलाब यादव, रंजीत यादव, रामबचन राजभर और अन्य ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है। एडीओ पंचायत प्रेमचंद ने बताया कि जहां सफाई नहीं हुई है, वहां रोस्टर बनाकर तुरंत सफाई कराई जाएगी।
122 गांवों पर मात्र 92 सफाईकर्मी, उनमें भी 23 ऑफिसों में तैनात
नौगढ़। नौगढ़ में सफाई व्यवस्था दयनीय है। 122 गांवों पर मात्र 92 सफाईकर्मी हैं, लेकिन उनमें से 23 ब्लॉक व तहसील कार्यालयों में लगे हुए, इससे गांवों में सफाई नहीं हो पाती। बाघी ग्राम पंचायत की स्थिति यह है कि 10 हजार आबादी पर सिर्फ एक सफाईकर्मी है। वह भी कभी-कभार ही सफाई करता है। कॉलोनियां और अंदरूनी बस्तियां गंदगी में डूबी हैं। एडीओ पंचायत उपेंद्र साहनी ने बताया कि बाघी में तीन अतिरिक्त सफाईकर्मियों की मांग की गई है, उच्चाधिकारियों से सफाई कर्मियों की कमी को दूर करने के लिए अनुरोध किया जाएगा।
गंदगी के कारण
सफाईकर्मियों की कमी
तैनाती के बावजूद कई महीनों से सफई कर्मी अनुपस्थित
गांवों में तैनाती न कर सफाई कर्मियों की नियुक्ति ब्लॉक और तहसील कार्यालय पर
ग्राम पंचायतों की निगरानी व्यवस्था में लापरवाही
वर्जन
कई बार डीपीआरओ और एडिओ पंचायत से सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने के लिए कहा गया अभी तक कार्रवाई नहीं की गई। इसके कारण साफ सफाई की व्यवस्था नहीं हो पा रही है।-सुरेंद्र गुप्ता, प्रधान, इलिया
ग्राम पंचायत में चार महीने से ज्यादा समय से सफाई कर्मियों के नियमित नहीं आने से गांव में गंदगी का अंबार लगा है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।-अवधेश सोनकर, इलिया
-
इलिया कस्बे में विद्यालय के आसपास और अन्य जगों पर कूड़े का ढेर लगा हुआ है। उससे उठती दुर्गंध से विद्यालय जाने वाले बच्चों से लेकर आम आदमी तक परेशान है। सफाईकर्मी गायब हैं।-राधाकृष्णा जायसवाल, इलिया
इलिया ब्लॉक की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है बावजूद यहां केवल एक सफाई कर्मी की नियुक्ति है। वह भी नियमित नहीं आते हैं। इससे कस्बे की हर गली एवं मोहल्ले में गंदगी है।-सुरेंद्र प्रसाद, इलिया
कोट
इलिया में जो सफाई कर्मी हैं, वह पिछले कई महीनों से अस्वस्थ है इसके चलते समस्या हो रही है। जल्द ही रोस्टर लगाकर कूड़े की सफाई कराई जाएगी।अरविंद सिंह, एडीओ पंचायत
-
धानापुर में जहां कहीं भी गंदगी है, उसे तत्काल साफ कराया जाएगा। सफाई व्यवस्था को बनाए रखना संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी है, लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-अमित कुमार, खंड विकास अधिकारी, धानापुर