शिकारगंज। क्षेत्र के टकटकपुर गांव में शुक्रवार को खेत की मेड़ के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में महिला समेत छह लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल बबलू पाल को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार कर चिकित्सकों ने घर भेज दिया।
क्षेत्र के फिरोजपुर ग्राम पंचायत के राजस्व गांव टकटकपुर निवासी बसंतू और उनके पाटीदारों के बीच जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को धान की रोपाई के लिए काशीनाथ का पुत्र गणेश अपने अन्य पाटीदारों के साथ खेत की मेड़ तैयार कर रहा था।
इसी दौरान दूसरे पक्ष के बबलू पाल, राकेश पाल और प्रतीक पाल मौके पर पहुंच गए और इसका विरोध करते हुए कहासुनी करने लगे। देखते-ही-देखते दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में बबलू पाल, राकेश पाल, प्रतीक पाल सहित सुराही देवी और दूसरे पक्ष के अमरनाथ पाल घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया लाया गया, जहां बबलू पाल की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने भर्ती कर लिया। घायल पक्ष का आरोप है कि पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय सुलह-समझौते का दबाव बना रही है।
इस संबंध में कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।