धानापुर/चकिया/शिकारगंज/राजदरी। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद मंगलवार को जब परिषदीय विद्यालयों के द्वार खुले तो बच्चों के चहल-पहल से शिक्षा के मंदिर फिर गुलजार हो उठे। स्कूल चलो अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ प्रवेशोत्सव के रूप में हर्षोल्लास से हुआ। नन्हें-मुन्नों के स्वागत के लिए विद्यालय गुब्बारों, रंगोली, फूल-मालाओं से सजाए गए। बच्चों को तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर कक्षाओं में प्रवेश कराया गया।
धानापुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय पगही में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रेखा यादव एवं शिक्षकों मंगलदेव शर्मा, झब्बू पाल, अनीता यादव, जयप्रकाश सिंह ने भावनात्मक और प्रेरणादायक अंदाज में बच्चों का स्वागत किया। बच्चों के माथे पर तिलक लगाया, माला पहनाया गया और मिठाई खिलाकर कक्षाओं में प्रवेश कराया गया। बीईओ अवधेश नारायण ने बताया कि प्रवेशोत्सव का उद्देश्य बच्चों को स्कूल के प्रति उत्साहित करना और ड्रॉपआउट बच्चों को वापस लाना है। यह 15 दिवसीय विशेष अभियान नामांकन में बढ़ोतरी के साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने के लिए चलाया जा रहा है। उधर, चकिया में पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय चकिया प्रथम में प्रधानाध्यापक राजेश पटेल के नेतृत्व में विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। विद्यालय खुलते ही परिसर में रौनक लौट आई और शिक्षा की गूंज एक बार फिर सुनाई दी। शिकारगंज के गनेशपुर कंपोजिट विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने “हर बच्चा स्कूल चले” जैसे प्रेरणादायक नारों व गाजे-बाजे के साथ स्कूल चलो रैली निकाली। गांव की गलियों में हाथों में तख्तियां लिए बच्चे शिक्षा का संदेश लेकर निकले। शिक्षक ओमप्रकाश भारती, इमरान अली, ज्ञानी ओमप्रकाश, शंकर गुप्ता, संतोष विश्वकर्मा, विवेक सिंह, कुलदीप सिंह, शीला देवी ने बच्चों के साथ गांव-गांव जाकर अपील की कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। रैली में अनुप्रिया, किंजल, श्रीकांत, रविकांत, साजन, उत्कर्ष, पूनम सहित कई बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। राजदरी के प्राथमिक विद्यालय जमसोती में भी बच्चों का फूलों और टॉफियों से स्वागत किया गया।