चंदौली। जनपद में अचानक बदले मौसम का असर बच्चों पर काफी पड़ा है। ज्यादातर बच्चे बीमार हो रहे हैं। मुख्यालय स्थित पं. कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में इन दिनों 1300 मरीजों की ओपीडी चल रही है। जिसमें लगभग 100 से अधिक बच्चे इलाज करा रहे हैं। चिकित्सकों की मानें तो बदलते मौसम में देखभाल के साथ-साथ बच्चे पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। कोई भी परेशानी हो तो तत्काल उसे पास के अस्पताल में इलाज कराएं ताकि बच्चा स्वस्थ हो सके।
छोटे बच्चे की इम्युनिटी कम होती है, जो उम्र के साथ-साथ बढती है। मौसम के बदलाव के साथ इसका प्रभाव देखने को मिलता है, जब अधिकतर बच्चे बीमार पड़ते है। बाल रोग विशेषज्ञ व एमडी डॉ. संतोष कुमार जायसवाल ने बताया कि छोटे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने की वजह से वे जल्दी कई प्रकार के वायरल और वेक्टेरियल संक्रमण के शिकार हो जाते है, ऐसे में अचानक से मौसम का बदलना, जैसे सर्दी से गर्मी, गर्मी से बारिश होने की वजह से उनके शारीरिक समस्याएं मसलन सीजनल फ्लू, एलर्जी, कोल्डकफ, हीट स्ट्रोक, डायरिया, मलेरिया, डेंगू आदि बिमारियां होने का खतरा रहता है, ऐसे में माता-पिता और केयर टेकर्स को कुछ सावधानियां बरतने की जरुरत है, ताकि बच्चा इन सब समस्याओं से दूर रहे।
चंदौली। पं. कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि माता-पिता को हमेशा बच्चों को ध्यान देना चाहिए है किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। सावधानी बरतने पर कई बिमारियों से बचा जा सकता है। इस दौरान साफ सफाई का ध्यान रखना चाहिए। जिन बच्चों को एलर्जी की समस्या हो तो चिकित्सक से अवश्य मिलना चाहिए ।