गर्भवती महिलाओं की देखभाल के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में चाइल्ड अबस्ट्रेटिक सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए सीएसआर फंड से 1.2 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अस्पताल के दो बिस्वा जमीन पर सेंटर का निर्माण होगा। नक्शे की स्वीकृति वाराणसी फेस 3 के प्रोजेक्ट अधिकारियों ने दे दी है। भारत सरकार के सीएसआर फंड से चकिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में यूपी प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड की ओर से प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। इसको बनाने की जिम्मेदारी पंचायती राज विभाग को दी गई है। इसके तहत चाइल्ड अबस्ट्रेटिक सेंटर का निर्माण किया जाना है। सेंटर में गर्भवती महिलाओं की देखभाल, नियमित जांच, अल्ट्रासाउंड और पोषण सलाह, सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशु की देखभाल, स्त्री रोग देखभाल और बच्चों में होने वाली विभिन्न परेशानियों की जल्दी पहचान करने की सुविधा होगी। केंद्र में चार बेड, डॉक्टर चेंबर, लेबर रूम, ड्यूटी रूम, ड्रग्स स्टोर, मीटिंग हॉल, शौचालय बनाए जाएंगे। केंद्र एक वर्ष में तैयार होगा। क्षेत्रीय भाजपा विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए केंद्र और प्रदेश की सरकार काम कर रही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बनने वाला चाइल्ड अबस्ट्रेटिक सेंटर महिलाओं और नवजात शिशु के स्वास्थ्य की दिशा में मजबूत पहल है। वार्ड नंबर 6 सिविल लाइन पूर्वी की सभासद मीना विश्वकर्मा ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य सुविधा अस्पताल में बढ़ने से महिलाओं को गर्भावस्था और प्रसव के दौरान बेहतर इलाज मिलने पर जीवन रक्षा में राहत मिलेगी। वार्ड नंबर 9 विभूति नगर की सभासद ज्योति गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र पिछड़ा इलाका है। यहां महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं के प्रभावी प्रबंधन से सहूलियत होगी।
डॉ. विकास सिन्हा, प्रभारी चिकित्साधिकारी, चकिया ने कहा कि
इस योजना के लिए यूपी प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से नक्शे को स्वीकृति दे दी गई है। जल्द ही एक छत के नीचे कई सुविधाएं मिलने से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचेगा।