चंदौली मझवार में रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण सोमवार को होगा। पूर्व में अटल बिहारी वाजपेयी के जयंती पर 25 दिसंबर को पुल का लोकार्पण किया जाना था लेकिन कार्य पूरा नही हो सका। अब चंदौली मझवार में रेलवे फाटक 76 ए पर पुल और एप्रोच रोड का निर्माण पूरा हो चुका है। सोमवार को दोपहर एक बजे चंदौली सांसद और केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्रनाथ पांडेय पुल का लोकार्पण करेंगे।
चंदौली फाटक संख्या 76 ए पर पुल न होने से चंदौली, मझवार, सकलडीहा, चहनिया, सैदपुर के लोगों को दिक्कत होती थी। फाटक बंद होने के कारण ट्रैफिक जाम होने से लोग घंटों तक फंसे रहते थे। इससे लोगों का समय और पैसा खर्च होता था। लोगों की समस्या को देखते हुए चंदौली सांसद डॉ.महेंद्रनाथ पांडेय ने रेलवे और यूपी गवर्नमेंट से बात की लेकिन प्रदेश सरकार का सहयोग नहीं मिला। वर्ष 2017 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और सरकार बनते ही प्रस्ताव पारित कराके इस पुल की आधार शिला 2018 में रखी गई। 3347.03 लाख रुपए की लागत से 632.68 मीटर लंबा आरओबी बनकर तैयार हो गया है। इसकी डिजाइन में इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि पुल के नीचे जीविका चलाने वाले व्यवसायियों / दुकानदारों के कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े और आवागमन भी सुचारू रहे। कुछ माह पूर्व डॉ. पाण्डेय ने कार्य की धीमी गति पर चिंता व्यक्त करते हुए चेयरमैन रेलवे बोर्ड के साथ बैठक कर बाधाएं दूर कराई।