पड़ाव। प्रदेश रेस्लिंग एसोसिएशन की ओर से बागपत जिले में छह से नौ दिसंबर तक तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय सब जूनियर ग्रीकोरोमन व फ्री स्टाईल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मड़िया स्थित दी एकैडमी इंटर कालेज मडिया में रविवार को जनपद के पहलवानों का चयन किया गया। मुख्य अतिथि गंगा सरदार, विशिष्ट अतिथि दीनानाथ व विरेंद्र यादव ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर चयन प्रक्रिया आरंभ की। इसके बाद चयनकर्ताओं ने ट्रायल करा पहलवानों का चयन किया। प्रतियोगिता के लिए दो बालिका पहलवान भी चयनित हुईं।
ट्रायल के दौरान सुबह नौ से 10 बजे तक पहलवानों का वजन किया गया। इसके बाद दोपहर 12 से शाम के पांच बजे तक ट्रायल लिया गया। सब जूनियर वर्ग में 54 व फ्री स्टाइल में 42 पहलवानों ने प्रतिभाग किया। इनमें फ्री स्टाइल में 10 वर्ष तक के व ग्रीको रोमन में 10 पहलवानों का चयन हुआ। वही फ्री स्टाइल में दो महिला पहलवानों साधना शुक्ला का 50 किलो भारवर्ग व पूजा सिंह चौहान का 53 किलो भारवर्ग में चयन हुआ। मुख्य अतिथि ने कहा कि भविष्य में प्रतिभाग कर रहे या युवा पहलवान देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने हारने वालों को फिर से उठकर संघर्ष करने की सलाह दी। राधेश्याम, रामनरेश, इमरान, रोशन व लालचंद पहलवान ने निर्णायक की भूमिका अदा की। इस मौके पर नीरज, वीरेंद्र यादव, लालू पहलवान, सौरभ आर्या, संजय पटेल, सौरभ गिरी आदि मौजूद रहे।