नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के सिंघीताली गांव में रविवार को संदिग्धावस्था में विवाहिता जल गई। जिसे के लिए वाराणसी स्थित मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां रविवार की देर रात उसकी मौत हो गई। विवाहिता की मौत के बाद सोमवार को परिवार वाले शिकायत दर्ज कराने के लिए जफरपुर पुलिस चौकी पहुंचे। इसके बाद विवाहिता के पिता ने पुत्री के ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए अलीनगर थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बबुरी थाना क्षेत्र के धनेजा गांव निवासी राजकुमार की पुत्री आकांक्षा की शादी एक वर्ष पूर्व अलीनगर थाना क्षेत्र के सिंघीताली निवासी लखेन्द्र से हुई थी। रविवार को आकांक्षा संदिग्धावस्था में बुरी तरह झुलस गई। परिजनों ने उसे इलाज के लिए वाराणसी स्थित मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। मौत के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग सोमवार को एफआईआर दर्ज कराने के लिए जफरपुर पुलिस चौकी पहुंचे। इस बाबत अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रजेशचंद्र तिवारी ने बताया कि मृतका के पिता राजकुमार ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। लेकिन वाराणसी में मजिस्ट्रेट के समक्ष हुए मृतका के बयान व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।