पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना अंतर्गत गंजख्वाजा गांव के समीप रेल फ्रेट कॉरिडोर में किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर किसान धरने पर बैठे थे। सोमवार को पहुंचे एसडीएम कुमार हर्ष ने न्याय मोर्चा के बैनरतले बैठे किसानों को धरने से हटा दिया। इससे किसानों में नाराजगी है।
रेल फ्रेट कारिडोर योजना के तहत रेल लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। इस बीच किसान न्याय मोर्चा के बैनरतले किसान उचित मुआवजा देने और काम रोकने की मांग को लेकर तीन दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। धरना प्रदर्शन की सूचना पर सोमवार को दोपहर में एसडीएम पीडीडीयू नगर कुमार हर्ष, तहसीलदार लालता प्रसाद, कानूनगो जयप्रकाश सिंह रेल अधिकारियों और अलीनगर थाने की फोर्स के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को मनाने का प्रयास किया लेकिन किसान नहीं माने। किसानों ने कहा कि किसानों को उचित मुआवजा अभी तक नहीं मिला है। इसका मुकदमा जिला जज के यहां विचाराधीन है। किसानों के बार-बार मांग करने के बावजूद भी विभागीय अधिकारी टाल-मटोल कर रहे हैं। इस पर एसडीएम ने किसानों ने काम रोकने का स्टे आर्डर मांगा, लेकिन किसान स्टे आर्डर नहीं दिखा सके। इस पर एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने धरने पर बैठे किसानों को हटा दिया। धरना देने वालों में जिलाध्यक्ष कृष्णकांत, रामविलास, प्रकाश, श्याम बली, गंगा रहे।