चंदौली। एसपी हेमंत कुटियाल ने सोमवार को पुलिस लाइन में अधीनस्थों से असलहों के संचालन के बारे में जानकारी ली। लेकिन कई प्रभारी और पुलिस कर्मी रबर बुलेट गन और टियर गन को सही ढंग से संचालित करने के बारे में बताने में असफल रहे। इस दौरान एसपी ने रबर बुलेट गन, टियर गन को किसी भी उपद्रव के दौरान 45 डिग्री पर चलाने का निर्देश दिया। इसके पूर्व उन्होंने मुस्लिम धर्म गुरुओं, सभ्रांत लोगों तथा डीजिटल वालंटियर ग्रुप के सदस्यों के साथ बैठक की।
पुलिस लाइन में संभ्रांतजनों के साथ बैठक में एसपी ने कहा कि अयोध्या मामले में कोर्ट के निर्णय का सभी को सम्मान करना चाहिए। लेकिन अगर कही भी किसी प्रकार की कोई अफवाह या माहौल खराब करने की कोशिश की गई तो पुलिस सख्ती से कानून का पालन कराएगी। ऐसे लोगों को खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने से कोई गुरेज नहीं किया जाएगा। कहा कि सभी लोग अपने आसपास के लोगों को जागरुक करें। ताकि माहौल को खराब होने से बचाया जा सके। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक प्रेमचंद्र, सीओ नीरज सिंह, आरआई रविंद्र प्रताप सिंह, कोतवाल लक्ष्मण पर्वत उपस्थित रहे।