सकलडीहा। प्रादेशिक ऑल इंडिया फेयर प्राइज शॉप डीलर फेडरेशन के आह्वान पर लामबंद कोटेदार संघ ने बुधवार को विभिन्न मांगों के समर्थन में स्थानीय क्रय केंद्र के सामने प्रदर्शन किया। उन्होंने मांगे पूरी होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी। कोटेदारों के तीन दिन से राशन नहीं उठाने से अधिकारी व राशन कार्ड धारक परेशान हैं।
कोटेदार संघ ने आरोप लगाया कि शासन की ओर से लगातार गरीबों को दिए जाने वाले खाद्यान्न में कटौती की जा रही है। वहीं कोटेदारों का कमीशन भी नहीं दिया जा रहा है। शासन कोटेदारों को केवल कोरा आश्वासन दे रहा है। कोटेदारों को 300 रुपया प्रति कुंतल कमीशन देने का वादा किया गया था। वहीं डोर टू डोर डिलेवरी और कोटेदारों का 2001 से लेकर 2015 का किराया का भुगतान भी नहीं दिए जाने से उनके लिए दुकान संचालित करना मुश्किल हो गया है। आक्रोशित कोटेदार संघ के सदस्यों ने मांगे पूरी होने तक अनिश्चितकाल तक खाद्यान्न उठाने का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। प्रदर्शन करने वालों मेंधर्मेंद्र यादव, अशोक यादव, काश्मीर यादव, दिनेश, शंकर राय, रविंद्र प्रताप सिंह, शर्मा प्रसाद, रमेश यादव, सुरेश यादव, राम समझ, गोपाल पांडेय, पुष्कर, भोदर, शिवमूरत, बीरजी, लालता राय, संदीप सिंह, गोपाल पांडेय, रामजी चौरसिया आदि शामिल रहे।