चंदौली जिले में एमएलसी पद दिलाने के नाम पर 17 लाख 22 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में अलीनगर पुलिस ने आरोपी चंद्रबहादुर मौर्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पद दिलाने का झांसा देकर महिला से रकम ली थी। पैसे वापस मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
अलीनगर थाना क्षेत्र के कैली गांव निवासी रीता चिरई ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि भदोही जिले के पिपरी गांव निवासी चंद्रबहादुर मौर्य ने एमएलसी पद दिलाने के नाम पर उनसे कुल 17 लाख 22 हजार रुपये लिए। बाद में जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मामले में पुलिस ने रीता चिरई की तहरीर के आधार पर सात दिसंबर 2025 को अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमे में बीएनएस की संबंधित धाराओं में धोखाधड़ी, गबन, गाली-गलौज, धमकी समेत अन्य आरोप लगाए गए थे। पुलिस मामले की विवेचना कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अलीनगर पुलिस टीम ने सुबह करीब 8:05 बजे गंजीप्रसाद तिराहे के आगे जीटीआर पुल की बायीं पटरी के पास से आरोपी चंद्रबहादुर मौर्य (41) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे मुकदमे में वांछित बताया है।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में निरीक्षक रमेश कुमार यादव, कांस्टेबल अली अहमद और कांस्टेबल आकाश सिंह शामिल रहे।