फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंदौली महोत्सव’ शुरू

Sat, 04 Apr 2015 01:59 AM IST
ब्यूरो अमर उजाला चंदौली
विज्ञापन
विज्ञापन
चंदौली महोत्सव’ का आगाज शुक्रवार को पालीटेक्निक कालेज के मैदान पर बच्चों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ। तीन दिवसीय आयोजन के पहले दिन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए स्कूली बच्चों ने नृत्य, गीत, संगीत व नाटकों का मंचन कर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
विज्ञापन


जिलाधिकारी एनके सिंह ने अपराह्न दो बजे मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करने के साथ ही दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।



सर्वप्रथम जिला पंचायत बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वैष्णवी ने गायन से लोगों का मन मोह दिया।

मां खंडवारी देवी इंटर कालेज के विद्यार्थियों ने भजन को मोहक ढंग से प्रस्तुत कर लोगों की खूब वाहवाही लूटी। इसी तरह कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सदर की बालिकाओं ने नृत्य व नाटक की जबर्दस्त प्रस्तुति की।

जिस पर खूब तालियां बजीं। डेढ़ावल की बालिकाओं ने धोबी गीत गाया। चकिया कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने टीम इंडिया की पोशाक पहनकर समूह नृत्य किया। इसके अलावा कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने जिम्नास्टिक कला का प्रदर्शन मंच पर किया।
विज्ञापन



इस अवसर पर जिलाधिकारी एनके सिंह ने कहा कि जनपद के युवा प्रतिभाओं को मंच और मौका देने के लिए इस महोत्सव का आयोजन किया गया है। ग्रामीण इलाकों में प्रतिभाएं हैं, लेकिन वह मौका नहीं मिलने के कारण एक निश्चित दायरे में ही रहकर कुंठित होने लगती हैं।

इस मंच के माध्यम से ऐसे हुनरमंद युवाओं को मौका देकर उन्हें आगे बढ़ाने का जिला प्रशासन प्रयास करेगा। युवाओं से आह्वान किया कि वह ऊर्जा से ओत-प्रोत होकर बेझिझक अपने अंदर की प्रतिभा को इस जनसमूह के समक्ष रखें, ताकि लोग यह जान सकें कि यह जनपद प्रतिभाओं से कितना सम्पन्न है। इस दौरान डीएम ने नौगढ़ क्षेत्र के जमसौती से आई पांच महिलाओं को वृद्धा पेंशन की स्वीकृति प्रदान की।

इस अवसर पर विधायक मनोज सिंह, एडीएम देवकृष्ण तिवारी, एएसपी जियालाल, सीडीओ जगदीश सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी आरएन चतुर्वेदी, डायट प्राचार्य अमरनाथ राय आदि उपस्थित रहे। संचालन राजेंद्र पांडेय, शैलेष दूबे व राकेश यादव रौशन ने संयुक्त रुप से किया। उधर देर रात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन मंडलायुक्त आरएम श्रीवास्तव ने किया।




क्रास कंट्री रेस में चंद्रदेव व पूजा अव्वल
चंदौली। ‘चंदौली महोत्सव’ के पहले दिन सुबह सात बजे नगर के सकलडीहा रोड पर क्रास कंट्री रेस का आयोजन किया गया। इसे डीएम एनके सिंह ने हरी झंडी दिखाई।

रेस में बालक व बालिका वर्ग में कुल 371 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें कुल 320 पुरुष व 51 महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने पूरी ताकत के साथ रेस में अव्वल स्थान पाने की जबर्दस्त कोशिश की। बालक वर्ग में चंद्रदेव यादव तथा बालिका वर्ग में पूजा गुप्ता प्रथम स्थान पर रहीं।


क्रास कंट्री रेस में बालक वर्ग के लिए दस किलोमीटर और बालिका वर्ग के लिए पांच किलोमीटर दूरी निर्धारित की गई थी। महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज के मैदान पर सुबह रेस में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों की जबर्दस्त भीड़ उमड़ पड़ी थी, जिला खेल विभाग ने तय समय पर प्रतिभागियों पर ट्रैक पर खड़ा किया।

इसके बाद डीएम ने रेस को जैसी ही हरी झंडी दिखाई। प्रतिभागी बर्थरा तक पहुंचने के बाद पुन: महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज पर पहुंचे।

उक्त प्रतियोगिता में चंद्रदेव यादव प्रथम, नीरज यादव द्वितीय व अनिल कुमार तीसरे स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में पूजा गुप्ता प्रथम, आरजू शाक्य द्वितीय, सुनैना मौर्या तीसरे स्थान पर रहीं। रेस शुरू होने से पहले जो प्रतिभागी नंगे पांव थे, जिलाधिकारी उन्हें जूते प्रदान किए और उनका खूब उत्साहवर्धन किया। दूसरी ओर महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज के मैदान पर वालीबाल प्रतियोगिता के तहत मैच भी आयोजित हुए। फाइनल मैच भरछा व बभनियांव के बीच खेला गया।

इसमें बभनियांव की टीम विजयी रही। इस अवसर पर तहसीलदार सुक्रमा प्रसाद विश्वकर्मा, नायब तहसीलदार गुलाब चन्द्रा, सीओ सदर राजेश तिवारी, मदन यादव, शिवशंकर यादव आदि उपस्थित रहे। संचालन जिला क्रीड़ाधिकारी अतुल सिन्हा ने किया।
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें