चंदौली के डीएम चन्द्र मोहन गर्ग
- फोटो : अमर उजाला
चंदौली जनपद इस बार 64 लाख पौधरोपण का लक्ष्य मिला है। वन विभाग के नेतृत्व में संयुक्त रुप से वृक्षारोपण अभियान चलाएगा। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग व प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर ने विभागवार लक्ष्य आवंटित किया है। नर्सरी से पौधे उपलब्ध कराने के लिए वन विभाग और उद्यान विभाग के अफसरों को जिम्मेदारी दी गई। इसका शुभारंभ बुधवार को राज्य मन्त्री, स्वतन्त्र प्रभार, आयुष खाद्य सुरक्षा एवं औषधीय प्रशासन दयाशंकर मिश्र (दयालु) एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने पौधा लगाकर किया।
इस दौरान काशी वन्य जीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी बी शिव शंकर ने बताया कि जिले में पौधरोपण के लिए सभी विभागों को लक्ष्य दिया गया है। पूरे जिले में 64 लाख से अधिक पौधे अभियान चलाकर रोपित किए जाएंगे। इसमें वन विभाग को
36 लाख 40 हजार 608, पर्यावरण विभाग को करीब 35 लाख का लक्ष्य निर्धारित है। इसी प्रकार ग्राम्य विकास विभाग को 13 लाख 50 हजार 100 पौधे, राजस्व विभाग 11 लाख 3 हजार, पंचायती राज विभाग 13 लाख 7 हजार , नगर विकास विभाग 25700, औद्योगिक विकास विभाग 11400, लोक निर्माण विभाग 13000, रेशम विभाग 23000, कृषि विभाग 426500, उच्च शिक्षा विभाग 19400, उद्यान विभाग 166000, पुलिस विभाग 10000 सहित अन्य विभाग को भी लक्ष्य आवंटित किया गया है। वन विभाग की ओर से कंट्रोल भी बनाया गया है। जहां से सभी विभागों से समन्वय स्थापित करके पौधा लगाने की प्रगति को हर दो घंटे पर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।