चंदौली। महीनों बाद जिले में एंटी रोमियों टीम सोमवार को हरकत में दिखी। पीडीडीयू नगर में मॉल और पार्क में चेकिंग कर एक दर्जन युवाओं को चेतावनी देकर टीम ने छोड़ा। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक दयाराम ने थाना स्तर पर गठित टीमों को भ्रमण के लिए आदेश जारी किया है।
पुलिस विभाग की ओर से एक जिला स्तरीय एंटी रोमियो टीम का गठन किया गया है। इसमें एक निरीक्षक, एक हेड कांस्टेबल, दो महिला कांस्टेबल को तैनात किया गया है। वहीं सभी थानों पर भी एंटी रोमियो टीम गठित की गई है। एंटी रोमियों टीम में एसआई विनोद मिश्रा, नैन्सी सोनकर, सुमन सरोज पीडीडीयू नगर के पार्क और मॉल में घूम रहे संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। इस दौरान कई शोहदों को टीम ने चेतावनी देकर छोड़ दिया। अपर पुलिस अधीक्षक दयाराम ने बताया कि एंटी रोमियो टीम के कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा। क्योंकि महिलाओं और किशोरियों को जागरूक करने के साथ उनकी सुरक्षा को लेकर ही इस स्क्वायड का गठन किया गया है।