चंदौली जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र के कोदोचक देवरी कला गांव में कोटेदार द्वारा कोरोना में गरीब जनता को मिलने वाले निशुल्क कोटे के राशन को बीती रात में वाहन पर लादकर बेचने के लिए ले जाते समय ग्रामीणों ने पकड़ लिया।ग्रामीणों के विरोध पर मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान ने राशन को अपने घर रखवा दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि रविवार की रात नौ बजे के करीब कोटेदार मैजिक पर लादकर राशन बेचने के लिए ले जा रहा था। तभी ग्रामीणों की नजर मैजिक पर लदे राशन पर पड़ी तो उन्होंने उसे पकड़ लिया। ग्रामीणों के विरोध पर कोटेदार को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान ने राशन व वाहन को अपने घर रखवा दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार से मिलीभगत कर ग्राम प्रधान मामले को रफा-दफा करने में लगे हुए हैं। ग्रामीणों ने खाद्य व आपूर्ति विभाग से मामले की जांच कराने की मांग की है।
कोदोचक देवरी गांव का यह मामला संज्ञान में है। पूरे मामले की जांच कराई गई है। जांच में जो भी दोषी साबित होगा उसपर निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।-प्रेमप्रकाश मीणा, एसडीएम, चकिया