चहनिया। क्षेत्र के रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ परिसर में बृहस्पतिवार को जिला अधिकारी संजीव सिंह और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने आगामी पांच सितंबर को मनाए जाने वाले बाबा कीनाराम जन्मोत्सव को लेकर मठ के संयोजक अजीत सिंह व अन्य के साथ बैठक की। बैठक में कोविड-19 को लेकर भक्तों की सुरक्षा के लिए जन्मोत्सव सांकेतिक रूप से मनाए जाने पर सहमति बनी। अंत में डीएम व एसपी ने मठ परिसर का निरीक्षण भी किया।
डीएम ने कहा कि क्षेत्रीयजन सहित भक्त सुरक्षा को लेकर अघोराचार्य बाबा कीनाराम का जन्मोत्सव अपने घर पर ही मनाएं। बाबा का जन्मोत्सव मठ परिसर में केवल एक दिन सांकेतिक रुप से मनाया जाएगा। साथ ही इस बार किसी प्रकार का सांस्कृतिक कार्यक्रम या मेले का आयोजन भी नही होगा। डीएम ने मठ की साफ-सफाई ,बैरीकेडिंग, बिजली, पानी, सड़क व भक्तों की सुरक्षा को लेकर संबंधित विभाग को निर्देश दिया। मठ के संयोजक अजीत सिंह ने कहा कि कोविड की तीसरी लहर को देखते हुए पूज्य पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम के निर्देश के अनुसार गैर जिलों से आने वाले भक्त अपने घरो में ही बाबा का जन्मोत्सव मनाएं। पांच सितंबर को सुबह कॉवरियों द्वारा जलाभिषेक, हवन-पूजन, महिलाओं द्वारा सोहर गीत, पच दोहा रामायण का पाठ व भक्तो के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। बैठक मे क्षेत्राधिकारी राजवीर सिंह, एसडीएम अजय मिश्रा, थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, बीडीओ सतीशचंद्र त्रिपाठी, एडीओ पंचायत इंद्रभूपण दुबे, चौकी इंचार्ज दिनेश पटेल मौजूद रहे।