पीडीडीयू नगर। रेलवे के विभागीय प्रमोशन की परीक्षा के पेपर लीक होने के मामले की जांच करने आई सीबीआई की टीम मंगलवार को गेस्ट हाउस के कमरे में बैठकर ही दस्तावेजों की जांच करती रही। टीम बुधवार को भी जांच जारी रख सकती है। सीबीआई की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों में बेचैनी बढ़ती जा रही है।
लोको पायलट से चीफ लोको पायलट इंस्पेक्टर की चार मार्च को होने वाली विभागीय परीक्षा से पहले सोमवार की रात सीबीआई ने काली महाल स्थित एक मैरिज लॉन में पहुंच कर पेपर को हल कर रहे आठ लोको पायलट और वरीय मंडल विद्युत अभियंता परिचालन को पकड़ लिया था। इसके बाद मंगलवार को सीबीआई डीआरएम कार्यालय में दिन भर जांच और पूछताछ के बाद वरीय मंडल विद्युत अभियंता परिचालन और वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी के साथ लोको पायलट व कार्यालय अधीक्षक सहित 26 लोगों को गिरफ्तार कर लखनऊ ले गई। इस कार्रवाई के बाद बीते शुक्रवार को सीबीआई की आठ सदस्यीय टीम फिर डीआरएम कार्यालय पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। इस बीच मंगलवार को सीबीआई की टीम डीआरएम कार्यालय में बनाए गए कैंप कार्यालय में नहीं पहुंची और गेस्ट हाउस में ही दस्तावेजों की जांच करती रही। सूत्रों के अनुसार बुधवार को भी सीबीआई की टीम जांच जारी रख सकती है।