जातिवाद, परिवारवाद को नहीं मिलेगी जगह : स्वतंत्रदेव
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने प्रत्याशी कैलाश खरवार के पक्ष में की सभा
संवाद न्यूज एजेंसी
चकिया (चंदौली)। यह चुनाव गरीबों की खुशहाली, राष्ट्रवाद तथा प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। जनता जातिवाद तथा परिवारवाद की राजनीति करने वालों को सत्ता सौंपने के लिए तैयार नहीं है। सपा, कांग्रेस ने भारतरत्न सरदार वल्लभा भाई पटेल का अपमान किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने ये बातें बुधवार को चकिया नगर स्थित एक लान में जनसभा को संबोधित करते कहीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोबारा सत्ता में आते ही राम मंदिर का निर्माण आरंभ कराया। जबकि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बाबरी मस्जिद के पक्ष में हलफनामा दिया। सपा ने तो कारसेवकों पर गोलियां तक चलवाई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सरदार पटेल की दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ती बनवाकर उनका सम्मान बढ़ाया तथा बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर को विश्व स्तर पर स्थापित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश में माफियाओं, गुंडाें को उनकी जगह पर भेजा तथा महिलाओं को सम्मान से जीने का हक दिलाया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार प्रदेश में 24 घंटे बिजली तथा गरीबों को कोरोना काल से राशन देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने पर जगह-जगह जिन्ना की मूर्ति लगाने, कब्रिस्तानों को घेरने का काम होगा। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी जी साइकिल तथा हाथी पर बैठकर बल्कि कमल पर बैठकर आती है।