धीना और धानापुर इलाके के बीच असवरिया गांव में शनिवार की रात पत्रकार
हेमंत यादव की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में धीना पुलिस ने दो
अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
इसके पूर्व पंद्रह घंटे तक
धानापुर और धीना पुलिस के बीच सीमा विवाद होता रहा।
यहां तक कि मामला
सुलझाने के लिए लेखपाल को भी बुलाया गया। बाद में एसपी के निर्देश पर मामला
धीना थाना के सुपुर्द किया गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पत्रकार के
शव का अंतिम संस्कार वाराणसी मणिकर्णिका घाट पर किया गया।
धानापुर थाना
क्षेत्र के अहिकौरा निवासी हेमंत को असवरिया गांव के समीप बदमाशों ने रात
आठ बजे गोली मार दी थी। सूचना के बाद मौके पर धीना और धानापुर पुलिस
पहुंची।
एसपी, एएसपी आदि भी मौके पर पहुंचे लेकिन करीब पंद्रह घंटे तक
हत्या स्थल का सीमांकन ही नहीं हो पाया। धीना और धानापुर पुलिस हत्या के
स्थल को एक दूसरे के क्षेत्र में होने की बात पर अड़ी रही।
धानापुर
थानाध्यक्ष ने तो लेखपाल को मौके पर बुलाने की बात कही, जबकि धीना
थानाध्यक्ष ने इसका विरोध किया। ग्रामीणों ने भी सड़क जाम कर धरना प्रदर्शन
की चेतावनी दी।
स्थिति बिगड़ती देख एसपी ने धानापुर थानाध्यक्ष को फटकार
लगाई और धीना पुलिस को मामला सुपुर्द करने का निर्देश दिया।
इसके बाद
थानाध्यक्ष राजकुमार ने मृत पत्रकार हेमंत की पत्नी की तहरीर पर दो अज्ञात
के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।