चंदौली। जिले के इंडियन बैंक में लॉकर काटकर लाखों के गहने चोरी के मामले में बैंक के महाप्रबंधक, सीईओ समेत छह अफसरों के खिलाफ मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह कार्रवाई एसपी के निर्देश पर की गई।
बैंक के पीड़ित लॉकरधारियों ने नौ मई से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। मंगलवार को बैंक अधिकारियों ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बताते हुए आंतरिक सुरक्षा जांच और अन्य दस्तावेज लॉकरधारियों को सौंपी। दस्तावेज में तमाम खामियां पाते हुए नाराज लॉकरधारियों ने एसपी पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल से मुलाकात की और अपनी बात रखी। महिलाओं ने कहा कि पुलिस की चार्जशीट में बैंक की सुरक्षा में तमाम तरह की खामियां बताई गई हैं। लेकिन बैंक इससे इंकार करते हुए अपनी सुरक्षा व्यवस्था को अप टू डेट कह रहा है। पीड़ितों ने कहा कि बैंक लॉकरधारियों से झूठ बोल रहा है। बैंक पूरी घटना में लिप्त है। इस पर पुलिस अधीक्षक ने चंदौली कोतवाल संतोष कुमार सिंह को बैंक के शीर्ष प्रबंधन के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। एसपी के निर्देश पर चंदौली कोतवाली में महाप्रबंधक, सीईओ, जोनल मैनेजर, स्थानीय शाखा प्रबंधक, सिक्योरिटी इंचार्ज, क्षेत्रीय सिक्योरिटी अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उप निरीक्षक अरविंद यादव ने एफआईआर की कॉपी लॉकरधारियों को सौंप दी। पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करने वाले पीड़ितों में लॉकरधारी रचना सिंह, अलका तिवारी, सुमन तिवारी, रिंकू कुमारी, मीना गुप्ता, अमित गुप्ता, अश्वनी सिंह, दिनेश सिंह रमाकांत सिंह, सीमा सिंह, राखी सिंह, रेखा सिंह, विजय तिवारी, विजय प्रताप सिंह, कीर्ति सिंह आदि रहीं।
पीडीडीयू नगर। सदर थानाक्षेत्र के इंडियन बैंक की शाखा में 31 जनवरी 2022 को 39 लॉकर तोड़कर लाखों के गहने चोरी हो गए थे। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है लेकिन लोगों के गहने और रुपये नहीं मिले। इस पर लॉकरधारी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। सदर थाने के इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि बैंक के 6 अधिकारियों के खिलाफ थाने में अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज हुआ है।