पीडीडीयू नगर। पड़ाव-पीडीडीयू नगर मार्ग पर चक्काजाम करने के मामले में बृहस्पतिवार को मुगलसराय पुलिस ने 18 नामजद और 50 अज्ञात समेत 68 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बुधवार को मढि़या निवासी युवक का शव गंगा में मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम किया था।
वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र के अवधूत भगवान राम घाट पर 7 जनवरी की शाम चंदौली के मुगलसराय थाना क्षेत्र के मढिया निवासी प्रिंस पटेल (22) का शव मिला था। प्रिंस ट्रैक्टर चलाकर अपने दो भाइयों, एक बहन और मां का पालन-पोषण करता था। 2 जनवरी को अपनी मां से 500 रुपये लेकर जूता खरीदने के लिए घर से निकला था लेकिन घर नहीं लौटा।
7 जनवरी को उसका शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन और ग्रामीणों ने निकलकर पड़ाव-पीडीडीयू नगर मार्ग पर जलीलपुर चौकी के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया था। परिजन एक व्यक्ति पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने और चौकी के सिपाही को निलंबित करने की मांग कर रहे थे।
पुलिस के आश्वासन पर 40 मिनट बाद चक्काजाम समाप्त हो गया था। कुछ देर बाद लोगों ने फिर से एक घंटे तक जाम कर दिया। इस मामले में मुगलसराय पुलिस ने 68 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। पीडीडीयू नगर के सीओ आशुतोष ने बताया कि मृतक के किसी परिजन पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।