चंदौली। अंत्योदय व पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को जून माह के पहले पखवारे में नि:शुल्क राशन मिलेगा। कार्डधारकों को तीन से 15 जून जिले के सभी सस्ते गल्ले की दुकानों प्रति यूनिट पांच किलों के हिसाब से वितरण किया जाएगा। डीएम संजीव सिंह ने वितरण में पारदर्शिता के लिए नोडल अफसरों को तैनात किया है। जो अपने-अपने इलाकों में राशन की दुकानों की मानीटरिंग करेंगे।
कोरोन काल के दौरान प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत गरीबों को नि:शुल्क राशन का वितरण किया जा रहा है। कार्डधारकों को प्रति यूनिट तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल मुफ्त दिया जाएगा। हालांकि कोटेदार इसमें अनियमितता कर सकते हैं। ऐसे में जिलाधिकारी ने राजस्व, ग्राम्य विकास, नगरीय निकाय, आपूर्ति, शिक्षा समेत अन्य विभागों के कर्मियों की ड्यूटी निगरानी के लिए लगा दी है। उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में उपस्थित रहकर राशन वितरण पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। ताकि अनियमितता बरतने वाले कोटेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।