चंदौली। सैयदराजा थाने के बरठीं कमरौर गांव के समीप नेशनल हाइवे पर रविवार की रात तेज रफ्तार कार सड़क के किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। इससे कार सवार पांच लोग जख्मी हो गए। मौके पर जुटे आस-पास के लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकाला। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने सभी की हालत गंभीर देख बीएचयू ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया।
बिहार के औरंगाबाद निवासी अरुण कुमार (40), मनोज कुमार (29), नेहा (28), सुनीता (35), जसमती (60) कार से प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने जा रहे थे। रास्ते में बरठीं कमरौर मेडिकल काॅलेज के समीप तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर जुटे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को कार से बाहर निकाला। इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। हां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख सभी को बीएचयू ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष विंदेश्वरी पांडेय ने बताया कि ट्रक और कार की टक्कर में पांच लोग घायल हो गए हैं। जिला अस्पताल के डॉ. संजय कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में घायल सभी पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया।