कमालपुर। वाराणसी के कैथी स्थित मारकंडेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर लौट रहे लोगों की कार बुधवार की रात डेढ़ बजे चालक को झपकी आने से इनायतपुर बभनियाव गांव के पास पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें कस्बा निवासी व्यापारी की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। परिजनों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
कस्बा निवासी 63 वर्षीय ओमप्रकाश रस्तोगी की बाइक एजेंसी व पेट्रोल पंप है। वे हर माह मारकंडेय महादेव दर्शन-पूजन करने जाते थे। महाशिवरात्रि के दिन कार से अपने साथी कौशल रस्तोगी, उनके पुत्र राम भारत रस्तोगी, अश्वनी और गोलू के साथ दर्शन के लिए गए थे। दर्शन कर रात करीब 12:30 बजे घर के लिए निकले। कौशल ने बताया कि नौरंगाबाद तक सफर आराम से कटा, लेकिन घर से मात्र एक किमी पहले चालक को झपकी आ गई और कार बाईं तरफ पेड़ से टकरा गई। किसी तरह कार की विंड स्क्रीन तोड़कर सभी को वाहन से बाहर निकाला गया। ओम प्रकाश रस्तोगी अचेत हो गए थे। मौके से बेटे रितेश रस्तोगी को घटना की सूचना दी। इसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए और घायलों को निजी अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टर ने ओम प्रकाश को मृत घोषित कर दिया। लोगों का कहना था कि कार सवार सीट-बेल्ट नहीं बांधे हुए थे। ओमप्रकाश से एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। एक पुत्री बंगलूरू और दूसरी गंगटोक में रहती है। धीना थानाध्यक्ष रमेेश यादव ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। परिजनों द्वारा लिखित दिए जाने पर कि वे कोई कार्रवाई नहीं चाहते, शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।