पीडीडीयू नगर। प्रयागराज महाकुंभ के दौरान यात्रियों के आवागमन के लिए पीडीडीयू जंक्शन से होते हुए कुल 1726 स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। डेढ़ माह तक चलने वाला महाकुंभ सकुशल समाप्त होने पर अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली।
पीडीडीयू मंडल से 13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज महाकुंभ के दौरान पीडीडीयू जंक्शन को केंद्र में रखते हुए लगातार स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। भीड़ को देखते हुए महाकुंभ के दौरान पीडीडीयू जंक्शन से प्रयागराज की ओर 806 और प्रयागराज से पीडीडीयू की ओर 781 महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। इसी तरह पीडीडीयू से वाराणसी की ओर 69 तथा वाराणसी से पीडीडीयू जंक्शन की ओर 70 महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। वहीं पीडीडीयू से गया की ओर 425 तथा गया की ओर से 361 महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें पीडीडीयू की तरफ आईं। वहीं पीडीडीयू जंक्शन से पटना की ओर 382 तथा पटना की ओर से 348 महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें पीडीडीयू की तरफ आईं। स्टेशनों पर विशेष कंट्रोल रूम के अलावा मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता के निर्देशन में रेल अधिकारियों की ओर से लगातार निगरानी की गई। मंडल में पीडीडीयू जंक्शन के साथ ही गया, सासाराम, डेहरी ऑनसोन आदि स्टेशनों पर सर्कूलेटिंग एरिया में विशेष होल्डिंग एरिया की व्यवस्था की गई। मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता ने बताया कि महाकुंभ में रेलवे ने स्नानर्थियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।