बीपी हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में खेली जा रही अंडर-13 ज्योति कॉन्वेंट स्कूल अंतरस्कूली क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को बक्सर की टीम ने दुलहीपुर को 62 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बक्सर टीम ने निर्धारित ओवर में सात विकेट पर 161 रन बनाए। टीम की ओर से प्रिंस ने 48, तपस्या ने 31, चीकू ने 20 और सचिन ने 23 रन बनाए।
शारदा मोहन एकेडमी दुलहीपुर की ओर से आदित्य ने दो विकेट लिए, जबकि उजमा और उमंग को एक-एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शारदा मोहन एकेडमी की शुरुआत अच्छी रही। रज्जाक और अदिति ने 41 रन जोड़े, लेकिन इसके बाद बल्लेबाज टिक नहीं सके और टीम 17 ओवर में 99 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम को अतिरिक्त के रूप में 38 रन मिले। बक्सर की ओर से वेदांत, आदित्य और उत्कर्ष ने तीन-तीन विकेट लिए। आदित्य को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मुख्य अतिथि रिजवान खान ने विजेता टीम को पुरस्कृत किया। मैच रेफरी मुकेश पटेल रहे, जबकि अंपायर इमामुद्दीन और हुसैन ने मैच का संचालन किया।