विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले शिक्षकों ने पांच
सूत्री मांगों को लेकर सोमवार को सदर ब्लाक परिसर में धरना दिया। अंत में
जूलूस के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डा. जय कुमार सिंह ने कहा कि समस्याओं का निस्तारण
नहीं होने के कारण शिक्षक आर-पार की लड़ाई लड़ने को विवश हैं। मनरेगा में
जिस तरह मजदूरों को काम मिलने की गारंटी दी जाती है, उसी तरह शिक्षकों के
लिए भी पुरानी पेंशन नीति बहाल करने का वादा करना होगा।
यदि देश में शिक्षा
का स्तर बढ़ाना है तो शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को हर हाल में
पेंशन देना होगा। जिलाध्यक्ष ने चार सितंबर को लखनऊ में होने वाले
धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक शिक्षकों को प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
अंत में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
जिसमें शिक्षकों
को पेंशन देने, वेतन विसंगति दूर करने, मृतक आश्रितों को बगैर टीईटी शिक्षक
बनाने, अंतरजनपदीय शिक्षकों की वरिष्ठता कायम रखने आदि की मांग शामिल हैं।
इस अवसर पर जमुना प्रसाद, सुधीर सिंह, सूर्य प्रकाश, अख्तर आजाद, दिनेश,
सुभाषचंद्र, राजेश आदि रहे।