सदर कोतवाली क्षेत्र के सेवखर गांव में गुरुवार को जमीन के विवाद में भाई
ने अपने भाई पर तमंचे से गोली चला दी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो
गया।
गोली की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़ पड़े और घायल को
तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के बाद
कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची। दूसरी ओर घटना को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी
को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सेवखर निवासी
वीरेंद्र व रविंद्र यादव सगे भाई हैं। इन दोनों के बीच काफी समय से जमीन का
विवाद चला आ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि जमीन बटवारे के समय पिता
दिनेश्वर ने बेटे वीरेंद्र के हिस्से में दो बीघा जमीन अधिक लिख दी है,
जिसे लेकर दूसरा बेटा रविंद्र अपने भाई वीरेंद्र से खफा रहता था और आए दिन
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी होता था।
इसी तरह गुरुवार को
नि:शक्त रविंद्र व वीरेंद्र के बीच जमीन के विवाद को लेकर झगड़ा हो गया।
बात बढ़ गई और गुस्से में आकर रविंद्र ने अपने भाई वीरेंद्र (50) पर 315
बोर के तमंचे से फायर कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली
की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने देखा कि
वीरेंद्र जमीन पर गिरकर तड़प रहा था।
यह देख ग्रामीणों ने उसे बाइक से ही
जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया, जहां उसकी हालत चिंताजनक देख चिकित्सकों
ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। सूचना पाकर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर
पहुंची और आरोपी रविंद्र को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गई।