मोहनिया। भगवानपुर थाना क्षेत्र की टोड़ी पंचायत अंतर्गत राधाखांड़ गांव में मंगलवार की सुबह एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान राधाखांड़ गांव निवासी अमित कुमार सिंह (44) के रूप में हुई है। शव घर के बेडरूम में मिला, जो काफी हद तक सड़-गल चुका था और दुर्गंध फैल रही थी। वहीं मामले में दो लोग हिरासत में लिए गए हैं।
31 दिसंबर की रात अमित कुमार सिंह अपने कुछ साथियों के साथ घर में ही पार्टी सेलिब्रेट कर रहे थे। इसके बाद पांच जनवरी की रात तक उन्हें किसी ने नहीं देखा। संदेह होने पर मंगलवार की सुबह पट्टीदारों ने घर का ताला तोड़ा, तो अंदर बेडरूम में उनका शव पड़ा मिला। थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल कॉल डिटेल और हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।