चंदौली। बोर्ड की परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग चुनाव के साथ-साथ परीक्षा की तैयारियों में जुटा हुआ है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से बनाए गए परीक्षा केंद्रों को निर्देशित किया गया है कि वहां सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ कर ले,ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी ना होने पाए। जनपद में इस बार 94 केंद्र बनाए गए हैं। यहां पर इंटरमीडिएट के 26989 और हाई स्कूल के 32570 परीक्षार्थी बोर्ड की परीक्षा में भाग लेंगे।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार जनपद में 94 केंद्र बनाए जाएंगे। जिले के विभिन्न स्कूलों में हाईस्कूल बालक वर्ग के 17283 व बालिका वर्ग 15285 और इंटरमीडिएट के बालक वर्ग में 14302 व 12687 बालिकाएं पंजीकृत हैं। परिषद इनकी परीक्षाएं शुरू होने से पूर्व सभी तैयारियां पूरी कराने के लिए गंभीर है। विभाग के अनुसार, परीक्षा के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए केंद्रों का प्रतिदिन सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। एक से दूसरे परीक्षार्थी के बीच छह फीट की दूरी बनाकर डेस्क स्लीप लगाई जाएगी। केंद्र में कक्ष निरीक्षक व परीक्षार्थी का प्रवेश मास्क के बगैर वर्जित रहेगा। केंद्र के प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरा व वायस रिकार्डर होना चाहिए। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों को बोर्ड परीक्षा की सभी गाइडलाइनों को जल्द से पूरा करने का निर्देश विभाग की ओर से जारी किया गया है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की केंद्र पर कमी नहीं होने पाए। कोरोना संक्रमण की वजह से बीते सत्र में बिना परीक्षा दिए ही विद्यार्थी उत्तीर्ण हो गए। इस बार केंद्र बनाकर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के छात्रों की सभी विषयों की परीक्षाएं ली जाएंगी।
जनपद में बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू हो गई है। केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया गया है।जो केंद्र की गाइड लाइन है, उसका अनुपालन केंद्र व्यवस्थापक तत्काल करा लें, ताकि परीक्षा के दौरान कोई परेशानी ना होने पाए।-डॉ विजय प्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक।