पिछले एक सप्ताह से नकदी का इंतजार कर रहे ग्रामीणों ने धरौली स्थित काशी ग्रामीण बैंक शाखा में कैश उपलब्ध नहीं होने पर सड़क पर उतर गए और धरौली-चंदौली मार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जानकारी होने पर चौकी प्रभारी समेत काशी ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा कर सड़क से हटाया।
धरौली स्थित काशी ग्रामीण बैंक शाखा में पिछले एक सप्ताह से कैश नहीं है। शुक्रवार को धन निकासी के लिए आसपास के करीब एक दर्जन से अधिक गांव के लोग बैंक शाखा पर एकत्रित हुए। कुछ समय बाद बैंक अधिकारियों द्वारा नकदी नहीं होने की सूचना दी गई। इसके बाद वहां मौजूद भीड़ हंगामा करने लगी। लोगों ने चक्काजाम करके केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी। लोगों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर आग उगली। किसान योगेश कुमार सिंह ‘लड्डू’ ने कहा कि हम सभी एक सप्ताह से ग्रामीण बैंक के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हमें अभी तक नकदी नहीं मिली। जाम के कारण धरौली-चंदौली मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। इस अवसर पर बबलू सिंह, मनोज सिंह, मुकेश खरपत, कृपाशंकर सिंह, विजयशंकर सिंह, गोल्डेन सिंह आदि उपस्थित रहे।