नियामताबाद। प्रसार भारती ने विकासखंड के कटरिया स्थित राष्ट्रीय बिरहा अकेडमी के निदेशक व बिरहा गायक डॉ मन्नू यादव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय लोक संस्कृति के संवर्धन के लिए किये जा रहे प्रयासों के लिए ए ग्रेड कलाकार घोषित किया है। इससे क्षेत्रीय लोक कलाकारों में काफी खुशी है।
बिरहा के क्षेत्र में वाराणसी केंद्र से पदमश्री हीरालाल यादव व मन्ना लाल के बाद डॉ मन्नू यादव तीसरे ऐसे बिरहा गायक हैं जिन्हें भारत सरकार की ओर से''ए'' ग्रेड दिया गया है। इससे पूर्व इनको भारत सरकार संगीत नाटक अकादमी की ओर से उस्ताद बिस्मिल्लाह खान राष्ट्रीय युवा पुरस्कार 2007 व उत्तर प्रदेश शासन की ओर से वर्ष 2013 का अकादमी पुरस्कार व उनकी कालजई रचना पुस्तक कजरी मीमांसा के लिए वर्ष 2021 का पंडित रामनरेश त्रिपाठी पुरस्कार दिया जा चुका है।
-
डॉ मन्नू पूर्व में लाल किले के प्राचीर से बिरहा प्रस्तुत करने वाले पहले बिरहा गायक रहे हैं। वे मारीशस से लोक भूषण सम्मान, छत्तीसगढ़ से बिलासा कला सम्मान, बिहार से भिखारी ठाकुर सम्मान, सोनांचल से कैमूर अलंकरण सम्मान, असम से प्रेरणा भारती पाठक सम्मान, काशी से मां विमला देवी लोक कला सम्मान, पं०विद्या निवास मिश्र ट्रस्ट से राधिका देवी लोक कला सम्मान सहित दो दर्जन से ज्यादा सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने बिरहा पर पहली पुस्तक ''बिरहा दर्शन''लिख कर बिरहा का दस्तावेदीकरण कराकर न केवल बिरहा बल्कि संपूर्ण लोक संस्कृति का सम्मान बढ़ाया है। आकाशवाणी वाराणसी केंद्र से मन्ना लाल के बाद दूसरे बिरहा गायक के रूप में अब अपनी प्रस्तुतियां बतौर ए ग्रेड कलाकर देंगे। इनके संगतकारों में महेंद्र कुमार, बिजेंद्र कुमार, छांगुर, बुधयी और रामजनम चंचल आकाशवाणी में संगत करते हैं।