कोतवाली क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के समीप बुधवार की शाम चार बजे के करीब कमालपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे पिकअप और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इससे बाइक चला रहे युवक की घटना स्थल पर मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वही दूसरे युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पिकअप का चालक मौका देख वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस सीसी टीवी कैमरे के माध्यम से फरार वाहन की तलाश में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के छित्तमपुर गांव निवासी 22 वर्षीय आजाद कुमार सक्सेना और 25 वर्षीय रोहित कुमार उर्फ हलचल स्थानीय सघन तिराहा से बाइक से अपने गांव छित्तमपुर लौट रहे थे। विशुनपुरा गांव के समीप पहुंचते ही सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायल युवकों को स्थानीय सीएचसी ले गई जहां डॉक्टरों ने आजाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं रोहित की हालत गंभीर हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाल दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि एक युवक की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। वही दूसरे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिसका इलाज चल रहा है।