पीडीडीयू नगर के सुभाष नगर में खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार देते अतिथिगण। संवाद
पीडीडीयू नगर। नगर पालिका प्रीमियर लीग में मंगलवार की रात दो मैच खेले गए। पहला मैच महमूदपुर और बिछड़ी के बीच हुआ। इसमें बिछड़ी ने चार विकेट से जीत दर्ज की। जबकि दूसरा मुकाबला पराहूपुर और अलीनगर के बीच खेला गया। इसमें अलीनगर ने पराहूपुर को 28 रनों से हराया।
शानदार प्रदर्शन के लिए बिछड़ी के राजू और अलीनगर के गुड्डू को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। पहले मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी महमूदपुर की टीम ने निर्धारित ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 64 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिछड़ी की टीम ने रोमांचक मुकाबले में सात विकेट खोकर तीन गेंद शेष रहते मैच जीत लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए राजू को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
वहीं, दूसरे मुकाबले में अलीनगर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धरित ओवर में सात विकेट खोकर 78 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पराहूपुर की टीम अलीनगर के घातक गेंदबाजी के आगे 50 रन ही बना सकी। शानदार प्रदर्शन के गुड्डू को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इसके पहले मैच का समाजसेवी सुभाष तुलस्यान, डॉ.अनिल यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर शुभारंभ किया।
आयोजक सभासद आरती यादव व समाजसेवी श्रवण यादव ने अतिथियों का स्मृति चिह्न व पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कमेंट्री संदीप यादव ने की, जबकि निर्णायक की भूमिका में मुकेश यादव मुक्की और सतेंद्र यादव रहे। इस मौके पर यादवेश यादव, सुदामा यादव, पूर्व सभासद विनय यादव डब्बू, वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।