जिला स्तरीय समीक्षा समिति की कलेक्ट्रेट सभागर में हुई बैठक में बोले जिलाधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंदौली। जिला सलाहकार समिति और जिला स्तरीय समीक्षा समिति की कलेक्ट्रेट सभागर में हुई बैठक में डीएम चंद्रमोहन गर्ग ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और वित्तीय समावेशन पर चर्चा की। इस दौरान सीएम युवा उद्यमी ऋण और अन्य योजनाओं में प्रगति लाने के लिए बैंकों को निर्देश दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन योजना, बचत खाते, प्रधानमंत्री जनधन योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित सरकार की ओर से संचालित सभी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। डीएम ने सभी बैंकों को सीडी अनुपात बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने मत्स्य विभाग में लंबित आवेदनों का निस्तारण कर संबंधित विभाग को सूचित करने के लिए सभी बैंक जिला समन्वयकों को भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत लंबित ऋण पत्रावलियों को स्वीकृत और वितरित करने का भी निर्देश दिया। बैठक में आरबीआई लखनऊ से दिशांत चंद्रायन के साथ सभी बैंकों के क्षेत्र प्रमुख और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत और संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक सुनील कुमार भगत ने किया।