कई जगह सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों ने दूसरे वाहनों के निकलने की जगह कम कर दी। दोपहिया वाहन चालक आगे निकलने की कोशिश में फंसे रहे तो चारपहिया वाहनों की लंबी कतार लग गई। कैंट मार्ग पर गलत दिशा से आए स्कॉर्पियो और पिकअप के कारण आमने-सामने वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सड़क पर पहले निकलने की कोशिश में वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
वहीं, लहरतारा में टक्कर के बाद दोनों वाहन चालक सड़क पर ही उलझे रहे। वाहनों को किनारे करने के बजाय नोकझोंक जारी रहने से पीछे से आ रहे वाहन फंस गए। महमूरगंज में भी वाहनों का दबाव बढ़ने से आवागमन प्रभावित रहा। प्रमुख मार्गों से चौराहों की ओर आने वाले वाहनों के एक साथ पहुंचने से कतारें लंबी होती चली गईं। सड़क किनारे खड़े वाहन आवागमन में बाधा बने तो कहीं दुकानों के सामने सामान लादने और उतारने के दौरान वाहन रुकने से रास्ता संकरा हो गया। चौराहों पर ऑटो और ई-रिक्शा के रुकने से भी पीछे चल रहे वाहनों की रफ्तार प्रभावित हुई।
पर्व की वजह से शहर में वाहनों का दबाव बढ़ा है। यातायात नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। दो-तीन दिनों तक वाहनों का दबाव रहेगा। - अंशुमान मिश्रा, एडीसीपी ट्रैफिक