चंदौली। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने सोमवार को मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान इमरजेंसी कक्ष, भर्ती वार्ड में स्वास्थ्य व्यवस्था में खामियां मिलने पर नाराजगी जताई। भोजनालय के निरीक्षण में मरीजों को दिए जाने वाले खाने की क्वालिटी खराब मिलने पर नमूने लेकर जांच का निर्देश दिया।
उन्होंने भोजनालय कक्ष का अवलोकन किया। इसमें कोई मेन्यू निर्धारित नहीं पाया गया। वहीं मरीजों को दिये जाने वाला चावल खराबी मिलने पर उन्होंने चावल, आटा और दाल का सैम्पल लेकर जांच कराने का डीएम को निर्देश दिया। साथ ही खड़बड़ी पर कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने ब्लड बैंक
व जिला अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में पहुचें। इस दौरान कोरोना महामारी को लेकर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं कि गई थी। मरीजों को देखने के लिए लगाया गया गद्दा पुराना और फटा हुआ मिला।वहीं चिकित्सक कक्ष में बाइक खड़ी देख दंग रह गए। उन्होंने ओपीडी कक्ष में गंदगी देख नाराजगी जताई । इसके बाद उन्होंने अस्पताल के मेन गेट पर थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था नहीं किये जाने पर खफा हो गए। सीएमओ को हिदायत दिया की यदि यहां चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों में कोरोना संक्रमण फैला तो इसके जिम्मेदार होंगे। इसके अलावा उन्होंने वार्ड का निरीक्षण किया। इसमें लगाया गया पंखा खराब मिला। साथ ही भोजन आदि के बारे में पूछताछ किया। इसके बाद सीधे भोजनालय का जायजा लेने पहुंच गए। इसमें भोजन बनाने के लिए कोई मेन्यू नहीं तय किया गया था। मनमाने तरिके से भोजन बनाकर मरीजों को दिया जाता है। जहां गुणवत्ता में खामी देख कर उसका सैंपल लिया और जांच कराकर कार्रवाई का निर्देश डीएम को दिया। कहा कि यहां स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इस तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। इसमें सुधार लाया जाए। साथ ही एक सप्ताह के अंदर कमियों को दूर किया जाए। अन्यथा कार्रवाई तय की जाएगी। इस दौरान डीएम नवनीत सिंह चहल, सीएमओ डॉ आरके मिश्रा, डॉ विवेक सिंह रहे।