पीडीडीयू नगर। अंतराष्ट्रीय चाइल्ड लेबर निरोध दिवस पर रविवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, बचपन बचाओ आंदोलन और रेलवे चाइल्ड लाइन ने संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों को बाल श्रम निषेध की महत्ता समझाई। बताया कि बच्चों को खेलने, कूदने, पढ़ने और आगे बढ़ने का अधिकार है। बाल श्रम से उनका विकास रुकता है और यह कानूनन जुर्म है।
रेलवे सुरक्षा बल स्टेशन पोस्ट से निरीक्षक संजीव कुमार, बचपन बचाओ आंदोलन के कोआर्डिनेटर देशराज सिंह, रेलवे चाइल्ड लाइन की सीमा यादव, महिला आरक्षी पद्मा, स्नेहलता ने बैनर पोस्टर के साथ जागरूकता रैली निकाली। अभियान के तहत सभी प्लेटफार्मों, फुटओवर ब्रिज, यात्री हाल और सर्कुलेटिंग एरिया में पहुंच कर यात्रियों को बाल श्रम निषेध दिवस के बारे में बताया।