विश्वास पर्ची बांटते तहसीलदार व कोतवाल।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मत प्रतिशत बढ़ाने व लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए मुख्यालय पर सदर तहसीलदार गुलाब चन्द्रा के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस व प्रशासन की टीम ने सकलडीहा तिराहे सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंच कर मतदाताओं में विश्वास पर्ची बांटी। इस दौरान अधिकारियों ने बिना किसी भय व प्रलोभन के आठ मार्च को होने वाले चुनाव में मतदान करने का आह्वान किया। इस अवसर पर तहसीलदार ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 171(ख) के अनुसार यदि कोई व्यक्ति निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी व्यक्ति को उसके निर्वाचक अधिकार का प्रयोग करने के लिए नकद या वस्तु के रूप में कोई परितोष देता है या लेता है तो उसे एक वर्ष तक का कारावास या जुर्माना देना होगा।
यदि कोई किसी निर्वाचक या अन्य व्यक्ति को किसी प्रकार को मारने-पीटने की धमकी देता है तो उसे भी जुर्माना लगाने के अलावा दंडित किया जाएगा।
ऐसे लोगों के विरूद्ध कार्रवाई करने के लिए उड़नदस्ते का गठन किया गया है। उन्होंने मतदाताओं से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आए और निर्भिक होकर मतदान करें। यदि किसी प्रकार का डर या भय महसूस होता है या कोई रिश्वत की पेशकश करता है तो उसकी शिकायत टोल-फ्री 1800-180-5078 पर कर सकते हैं।
सदर कोतवाली एके ओझा ने पुलिस महकमे की ओर से जारी की गई विश्वास पर्ची पर अंकित पुलिस अधिकारियों के नंबर की उपयोगी के बारे में बताया। कहा कि इसमें चुनाव हेल्पलाइन नंबर, वाट्स अप नंबर, चुनाव सेल व चुनाव कंट्रोल रूम सहित ई-मेल का विवरण अंकित है। इस माध्यम के जरिए चुनाव संबंधित शिकायत व सहयोग मांगा जा सकता है। जिसको गंभीरता से लेकर तत्काल ही कार्रवाई की जाती है।