चंदौली। जनपद के ग्राम सभा कटशिला के पास 5 करोड़ 47 लाख 24 हजार रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नए सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) भवन का शिलान्यास शनिवार को मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने स्थानीय लोगों के हाथों कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल रहे। विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि वर्ष 1997 में चंदौली जिला बहुजन समाज पार्टी के शासनकाल में बना था, लेकिन तब से आज तक एआरटीओ कार्यालय किराए के भवन में संचालित होता रहा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र की जनता नए कार्यालय की मांग कर रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। विधायक ने शिलान्यास को ‘जनता के लिए सौभाग्य का दिन’ बताया।
विज्ञापन
शिलान्यास कार्यक्रम में कार्यदायी संस्था सी एंड डी एस के एई राजकुमार, अधिशासी अभियंता, जिला पंचायत सदस्य दिलीप सोनकर, मुगलसराय विधानसभा के चारों मंडल अध्यक्ष—कुंदन सिंह, विवेक सिंह, धीरज, गंगाराम साहनी—सहित संदीप पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।