कोरी गांव के समीप रिंग रोड पर टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त वाहन। स्रोत:-जागरूक पाठक
- फोटो : लहरपुर के केसरीगंज में जाम के बीच फंसे वाहन।
ताराजीवनपुर।
अलीनगर थाना के कोरी गांव के समीप रिंग रोड पर रविवार की सुबह तेज रफ्तार टैंकर और पिकअप की आमने- सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप चालक केबिन में फंस गया। पुलिस ने घंटों मशक्कत के बाद जेसीबी से फंसे चालक को बाहर निकाला। घायल चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। झांसी के चित्रकूट निवासी शत्रुघ्न सिंह (35) पिकअप पर मुजफ्फरपुर से प्लाईवुड लादकर वाराणसी जा रहा था। वहीं अलीनगर निवासी चालक डब्लू चौहान (34) आजमगढ़ से तेल खाली कराकर वापस डिपो अलीनगर आ रहा था। जैसे ही दोनों कोरी गांव के समीप रिंग रोड के ओवर ब्रिज पर पहुंचे कि दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। तेज टक्कर से पिकअप का चालक केबिन में फंस गया। वहीं टैंकर चालक डब्लू चौहान और खलासी शिव कुमार (35) आंशिक रूप से चोटिल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप के केबिन में फंसे चालक को जेसीबी मशीन के सहयोग से बाहर निकाला। पुलिस ने तीनों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। यहां टैंकर चालक और खलासी को आंशिक चोट लगी थी। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छूट्टी दे दी। पिकअप चालक शत्रुघ्न की हालत गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में अलीनगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि पिकअप का चालक गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज जिला चिकित्सालय में कराया जा रहा है।