जसोरी में क्षतिग्रस्त पुलिया। संवाद
- फोटो : doda news
पीडीडीयू नगर। चंदौली-धरौली मार्ग से पैतुआ मार्ग के बीच जसौरी गांव में 25 साल पुराने जर्जर सेतु की जगह नया सेतु बनेगा। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड की ओर से भेजी गई 68.52 लाख रुपये की कार्ययोजना को शासन ने मंजूरी देने के साथ धनराशि भी अवमुक्त कर दी है। विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
जसौरी का पुराना सेतु लंबे समय से जर्जर है। इसकी रेलिंग टूटकर नहर में गिर चुकी है और पानी के दबाव से पिलर भी कमजोर हो गए हैं। पिलरों की ईंटें टूटकर गिर रही हैं। सेतु के दोनों तरफ बने रैंप पर भी जगह-जगह गड्ढे हैं। मरम्मत के बाद भी बारिश में स्थिति खराब हो जाती है।
इस मार्ग से चंदौली सदर, नेगुरा, मसौनी, मैनी कोट, खुरुहजा, भटपुरवा, पैतुआ और नवही समेत करीब 20 गांवों के लोग आवागमन करते हैं। किसान खेती-किसानी के लिए भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। जर्जर सेतु से हादसे का खतरा बना रहता था। ग्रामीण लंबे समय से नए सेतु के निर्माण की मांग कर रहे थे।
इनसेट :
टेंडर प्रक्रिया में जुटा विभाग
शासन से 68.52 लाख रुपये की स्वीकृति और धनराशि मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड टेंडर प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
कोट :
ग्रामीणों की मांग पर जर्जर सेतु की जगह नया पुल बनाने की कार्ययोजना शासन को भेजी गई थी, जिसे मंजूरी मिल गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू कराया जाएगा। - कृष्ण कुमार, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड, चंदौली