पीडीडीयू नगर। पूर्व मध्य रेलवे के नए महाप्रबंधक अनुपम शर्मा बने हैं। शुक्रवार की देर शाम उन्होंने हाजीपुर मुख्यालय पर पद भार ग्रहण किया। अभी तक बनारस रेल कारखाना की महाप्रबंधक अंजली गोयल पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार देख रही थीं।
अनुपम शर्मा ‘भारतीय रेल यांत्रिक इंजीनियरिंग सेवा के अधिकारी हैं। उन्होंने स्पेशल क्लास रेलवे अप्रेंटिस, जमालपुर में 1982 में योगदान दिया। आपने मुंबई विश्वविद्यालय (जेबीआईएमएस) से वित्तीय प्रबंधन में मास्टर डिग्री प्राप्त की हैं। अनुपम शर्मा ने भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम)/अहमदाबाद से पब्लिक मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी लिया है। नवागत जीएम ने मिलान के बोकानो विश्वविद्यालय तथा कार्नेगी मेलॉन यूनिवर्सिटी ऑफ पिट्सबर्ग (यूएसए) से लीडरशिप कोर्स में भाग लिया है। श्री शर्मा रोलिंग स्टॉक से संबंधित विभिन्न अध्ययन के क्रम में जर्मनी, आस्ट्रिया, यूके, यूएसए, फ्रांस और चीन जा चुके हैं। अनुपम शर्मा ने भारतीय रेल को 35 वर्षों से अधिक की विशिष्ट सेवा प्रदान की है। श्री शर्मा प्रारंभ मेें मध्य रेलवे के भुसावल और मुंबई मंडल में विभिन्न पदों पर तथा परेल लोको वर्कशॉप और पूर्वोत्तर रेलवे में मुख्य मोटिव पावर इंजीनियर के पद पर कार्य किया है। पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक के तौर पर काम कर चुके हैं। बाद में अनुपम शर्मा चेन्नई मंडल के मंडल रेल प्रबंधक और इसके बाद रेलवे बोर्ड में कार्यकारी निदेशक मैकेनिकल इंजीनियरिंग (ट्रैक्सन) के पद पर रहे।