Chandauli News: चंदौली जिले में मुख्य अग्निशमन कार्यालय का बाबू रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। वाराणसी से आई एंटी करप्शन टीम ने लिपिक को गिरफ्तार किया है।
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली से सटे मुख्य अग्निशमन अधिकारी कार्यालय में तैनात लिपिक कांस्टेबल राजकमल शुक्रवार को घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा गया। उसने पटाखे की दुकान का अस्थाई लाइसेंस देने के लिए रुपये मांगे थे। पीड़ित की शिकायत पर वाराणसी से आई एंटी करप्शन टीम ने लिपिक को पकड़ा है।
विज्ञापन
हाल के दिनों में यह कोई पहला मामला नहीं है जब किसी सरकारी बाबू को रिश्वत लेते पकड़ा गया हो। इससे पहले भी कई बाबू रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े जा चुके हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी कार्यालय में भी अस्पताल, स्कूल, कॉलेज और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को एनओसी जारी करने के एवज में धन की मांग की जाती है। पैसा न देने पर लंबे समय तक एनओसी लटकाया जाता है।
बाबू राजकमल ने पटाखे की दुकान का अस्थाई लाइसेंस जारी करने के लिए धन की मांग की थी। आवेदक ने इसकी शिकायत विजिलेंस से कर दी। इस पर शुक्रवार की दोपहर में आई एंटी करप्शन टीम ने छापा मारा और बाबू राजकमल को एक आवेदक से रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। गिरफ्तारी के दौरान बाबू ने भागने का प्रयास किया, लेकिन विजिलेंस टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी बाबू को गिरफ्तार कर विजिलेंस टीम अपने साथ ले गई।