पीडीडीयू नगर। नगर स्थित कसाब महाल में बृहस्पतिवार की शाम क्षेत्रवासियों ने गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के जेई का घेराव किया। इस दौरान लोगों ने ठेकेदार पर मनमाने तरीके से कार्य का आरोप लगाया। लोगों ने आरोप लगाया कि रात के समय काम करने के दौरान मजदूर कभी सीवर को तोड़ दे रहे हैं तो कभी पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त कर रहे हैं। इसके अलावा सड़क को भी पूरी तरह से खराब कर दिया गया है।
गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई द्वारा कसाब महाल में पानी लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। कसाब महाल वार्ड सभासद ईशा खान व ईस्टर्न बाजार वार्ड सभासद अशोक जायसवाल ने आरोप लगाया कि मजदूरों द्वारा जेसीबी से सड़क खोदी जा रही है जिससे सीवर और पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लापरवाही का आलम यह है पानी की पाइप लाइन सीवर के नीचे से ले जाई गई है भविष्य में पाइप लीकेज होने पर सीवर के गंदे पानी की सप्लाई लोगों के घरों में होगी। बताया कि पिछले दिनों लापरवाही पूर्वक कार्य करने के चलते सीवर का चेंबर क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद उसे ठीक करने के बजाय मिट्टी डालकर उसे छोड़ दिया गया। इस बाबत गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के जेई वीर सेन ने बताया कि कार्य में जो भी समस्याएं आई हैं उसे दूर करा दिया जाएगा। बताया कि नगर पालिका से पाइप लाइन का नक्शा मांगा गया था लेकिन नक्शा नहीं होने की बात बताई गई थी।