सकलडीहा कस्बा से भीतरी बाजार में जाने वाली जर्जर सड़क का निर्माण शुरू नहीं होने से व्यापारियों में आक्रोश है। आक्रोशित व्यापारियों ने बुधवार को सड़क का निर्माण शुरू कराए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्था की ओर से गिट्टी गिराकर छोड़ देने से आवागमन में समस्या हो रही है। उन्होंने शीघ्र सड़क का निर्माण आरंभ नहीं कराए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
व्यापारियों का आरोप था कि कस्बा स्थित डाॅ. आंबेडकर तिराहा से सकलडीहा भीतरी बाजार में जाने वाली मात्र 900 मीटर सड़क कई साल से जर्जर है।
बीते दो पंचवर्षीय योजना में जिला पंचायत या पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क निर्माण पर ध्यान नहीं दिया गया है। इससे सड़क जगह-जगह गड्ढे में तब्दील हो गई है।
बीते दिनों सड़क निर्माण को लेकर किसान यूनियन और व्यापारियों ने संयुक्त रूप से धरना प्रदर्शन किया था। तब मौके पर पहुंचे अधिकारियों और जनप्रतनिधियों ने एक माह के अंदर सड़क निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया था।
इसके तीन माह से अधिक का समय बीतने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से व्यापारियों में रोष है।
इस संबंध में एसडीएम कुंदन राज कपूर ने विभागीय अधिकारियों के माध्यम से सड़क निर्माण शुरू कराए जाने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर व्यापारी नेता आनंद सेठ, इमरान, सोनू्र, प्रभात, पियूष, जितेंद्र सेठ, राधेश्याम सैनी, विनोद, कपिल, विनोद आदि रहे।